नूंह में तबादले के नाम पर रिश्वतखोरी का खुलासा, 4 हजार रुपये लेते होमगार्ड रंगे हाथ गिरफ्तार
नूंह: हरियाणा के नूंह में तबादले के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भिवानी टीम ने नूंह पुलिस लाइन में कार्रवाई करते हुए होमगार्ड अनीश को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में सब इंस्पेक्टर विक्रम को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा एक इंस्पेक्टर से भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
तबादले के लिए मांगे गए थे 7 हजार रुपये
मामले के अनुसार, पलवल से नूंह तबादला करवाने के लिए एक होमगार्ड ने संपर्क किया था। आरोप है कि तबादले की प्रक्रिया में मदद करने के बदले उससे कुल 7 हजार रुपये मांगे गए। शिकायतकर्ता पहले ही 3 हजार रुपये दे चुका था। इसके बाद बाकी 4 हजार रुपये देने की मांग की गई। इसी शिकायत के आधार पर एसीबी ने मामले की जांच शुरू की और रिश्वत लेते हुए संबंधित लोगों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
पुलिस लाइन में एसीबी ने की छापेमारी
रिश्वत लेने वालों को पकड़ने के लिए भिवानी एसीबी की टीम ने इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की। शिकायतकर्ता को रिश्वत की शेष 4 हजार रुपये की रकम देकर आरोपियों के पास भेजा गया। नूंह पुलिस लाइन में जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर होमगार्ड अनीश को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर विक्रम को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद दोनों से पूछताछ शुरू कर दी गई।

तबादले के खेल में किसकी थी भूमिका, जांच जारी
एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि तबादले के नाम पर रिश्वत की रकम किस स्तर पर मांगी गई थी और इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल हैं। जांच के तहत तबादले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपियों के बीच हुए लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। एक इंस्पेक्टर से पूछताछ किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस लाइन में हुई इस कार्रवाई के बाद विभाग में हलचल मच गई है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों के मुताबिक, सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


