यूपी बीजेपी में 13 नई नियुक्तियां, सुभाष यदुवंश बने सोशल मीडिया प्रभारी; प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की भी घोषणा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश संगठन में प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया से जुड़े 13 पदाधिकारियों की नई जिम्मेदारियां घोषित की हैं। सुभाष यदुवंश को प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है, जबकि ओम प्रकाश श्रीवास्तव को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार संतराम यादव और डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं सुभाष यदुवंश को प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
सोशल मीडिया सह-संयोजक के पद पर गौरव वार्ष्णेय, विनीत मालवीय, अनुज चौधरी, मनोज मौर्य, निखिल सिन्हा और विवेक लवानिया को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जयंत शिवाच, वाईके शर्मा और अभिमन्यु सिंह को सोशल मीडिया सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर से जारी पदाधिकारी घोषणा में सभी 13 नियुक्तियों का उल्लेख किया गया है।
पहले घोषित हुई थी प्रदेश संगठन की नई टीम
इससे पहले भाजपा ने प्रदेश संगठन की नई टीम की घोषणा की थी। इसमें 19 प्रदेश उपाध्यक्ष और 8 प्रदेश महामंत्री बनाए गए थे। नई टीम में राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह, विधायक पूजा पाल और पूर्व मंत्री सुरेश राणा समेत कई नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी।
भाजपा की 64 सदस्यीय प्रदेश संगठन सूची में 52 नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया था। इसमें 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 19 प्रदेश मंत्री, 8 प्रदेश महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी। इसके अलावा 6 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री और 3 अन्य पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई थी।
अब सोशल मीडिया और प्रकोष्ठ संगठन में नई तैनाती

प्रदेश संगठन में सोशल मीडिया और प्रकोष्ठ से जुड़े पदों पर हुई इन नियुक्तियों के साथ संबंधित विभागों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। सुभाष यदुवंश को सोशल मीडिया प्रभारी बनाए जाने के अलावा छह नेताओं को सोशल मीडिया सह-संयोजक और तीन को सोशल मीडिया सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं प्रकोष्ठ संकुल संयोजक के साथ दो सह-संयोजकों की भी नियुक्ति की गई है।
प्रदेश संगठन में सामाजिक समीकरण का भी रखा गया ध्यान
प्रदेश भाजपा की नई टीम में अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को मिलाकर टीम में कुल 54 लोग हैं। इनमें 13 महिलाएं शामिल हैं।
संगठन में ओबीसी वर्ग के 25 नेताओं को जगह मिली है, जबकि सामान्य वर्ग के 21 चेहरे शामिल हैं। ठाकुर समाज से 6 और ब्राह्मण समाज से 7 लोगों को स्थान दिया गया है। इसके अलावा 4 भूमिहार, 3 वैश्य और 1 श्रीवास्तव को भी प्रदेश टीम में जगह मिली है।
अनुसूचित जाति वर्ग से 7 लोगों को शामिल किया गया है, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग से इंजीनियर विद्याभूषण गोंड को जिम्मेदारी दी गई है।


