मध्य प्रदेश

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर फूड स्टॉल में लगी भीषण आग, प्लेटफॉर्म का शेड भी आया चपेट में; यात्रियों में मची भगदड़

जबलपुर: मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार शाम एक फूड स्टॉल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पार्सल विभाग के पास कटनी छोर पर स्थित स्टॉल से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते काला धुआं पूरे प्लेटफॉर्म पर फैल गया। आग इतनी तेजी से बढ़ी कि प्लेटफॉर्म का शेड भी इसकी चपेट में आ गया। घटना में स्टॉल का सामान जलकर खाक हो गया, जबकि आसपास रखे कुछ पार्सल भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, आग बुधवार शाम करीब चार बजे लगी। शुरुआती जांच में इसकी वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि फूड स्टॉल से अचानक चिंगारी निकली, जिसने कुछ ही देर में आग का रूप ले लिया। लपटें तेज होते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अपनी सुरक्षा के लिए लोग घटनास्थल से दूर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

पार्सल लोडिंग के दौरान लगी आग

जिस समय स्टॉल में आग लगी, उस वक्त प्लेटफॉर्म पर खड़ी पार्सल लगेज वैन में सामान चढ़ाने और उतारने का काम चल रहा था। आग फैलने के कारण आसपास रखे पार्सल भी प्रभावित हुए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।