मध्य प्रदेश

भोपाल में सेना दिवस पर दिखेगा भारतीय सेना का शौर्य, राजनाथ सिंह के पहुंचने की संभावना; 50 हजार लोग होंगे शामिल

भोपाल : 15 जनवरी 2027 को सेना दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन किए जाएंगे। सेना दिवस की मुख्य परेड से लेकर सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी और एकीकृत युद्ध प्रदर्शन तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी इस आयोजन में शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रमों में करीब 50 हजार प्रतिनिधियों के पहुंचने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव से वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने की मुलाकात

सेना दिवस की तैयारियों को लेकर लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान और मेजर जनरल विकास लाल समेत वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में मुलाकात की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 15 जनवरी 2027 को होने वाले सेना दिवस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री को ‘आर्मी डे परेड-2027, आपकी सेना आपके पास’ की अवधारणा के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम में आने की संभावना है। इसके अलावा कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी भोपाल में आयोजित होने वाले सेना दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई भी मौजूद रहे।

राज्य सरकार देगी आयोजन में पूरा सहयोग

वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सेना दिवस के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के साथ तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सेना दिवस के आयोजनों को गरिमामय बनाने के लिए राज्य शासन की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों में राज्य सरकार के विभाग भी सहभागी होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 को प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। ऐसे में सेना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

1 नवंबर से शुरू होंगे सेना दिवस से जुड़े कार्यक्रम

सेना दिवस के तहत कार्यक्रमों की शुरुआत 1 नवंबर 2026 को शौर्य स्मारक परिसर में ‘संकल्प वृक्ष’ आयोजन के साथ होगी। इस दौरान पौधरोपण किया जाएगा। इसके बाद जनवरी 2027 में सैन्य प्रदर्शनी और एकीकृत युद्ध प्रदर्शन समेत कई गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

15 जनवरी को भोपाल के भेल क्षेत्र स्थित कालीबाड़ी मार्ग पर सेना दिवस की मुख्य परेड होगी। इसी दिन शाम को तात्या टोपे नगर स्टेडियम में देशभक्ति से ओतप्रोत ‘शौर्य संध्या, रण हुंकार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जंबूरी मैदान में दिखेंगे अत्याधुनिक सैन्य उपकरण

सेना दिवस के अवसर पर भेल के जंबूरी मैदान में भारतीय सेना के अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं भोजताल स्थित वीआईपी बोट क्लब क्षेत्र में सेना के शौर्य, सामरिक क्षमता और रणनीतिक कौशल पर आधारित इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले आयोजित किया जाएगा।

मुख्य परेड और इससे जुड़े अन्य कार्यक्रमों में करीब 50 हजार प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कार्यक्रमों में युवा शक्ति के साथ नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।