Featured Newsउत्तर प्रदेश

यमुना एक्सप्रेसवे पर 40 यात्रियों से भरी बस बनी आग का गोला, मची चीख-पुकार; जलकर राख हुआ सामान

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राया कट पुल के ऊपर चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सभी यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में बस और यात्रियों का सामान जल गया, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दिल्ली से छतरपुर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, खजुराहो ट्रेवल्स की बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। बस को जितेंद्र पुत्र मोहनलाल चला रहा था, जो छतरपुर के नौगांव का निवासी है।

शनिवार देर रात थाना राया क्षेत्र में राया कट पुल के ऊपर अचानक बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बस से आग की ऊंची लपटें उठती देख यात्रियों में दहशत फैल गई। सभी यात्री आनन-फानन में बस से बाहर निकल आए। इस दौरान यात्रियों को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला और उनका सामान आग में जलकर खाक हो गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात 1 बजकर 38 मिनट पर पीआरवी 5840 को बस में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। तब तक बस और यात्रियों का सामान जल चुका था।

महावन के सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दमकल विभाग की मदद से आग बुझाई गई। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।