Featured Newsहरियाणा

साइबर अपराधियों की अब खैर नहीं! हरियाणा पुलिस को मिलेंगे 102 हाईटेक फॉरेंसिक उपकरण, डिजिटल ठगी की जांच होगी तेज

चंडीगढ़: हरियाणा में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस की तकनीकी क्षमता बढ़ाने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल पर हरियाणा पुलिस के लिए 102 अत्याधुनिक साइबर फॉरेंसिक उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई है। इनकी मदद से मोबाइल, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े साक्ष्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सकेगी।

डिजिटल तकनीक के विस्तार के साथ साइबर अपराधियों ने ठगी के तरीके भी बदल लिए हैं। पहले बैंक खातों और एटीएम के जरिए धोखाधड़ी के मामले अधिक सामने आते थे, लेकिन अब मोबाइल फोन, सोशल मीडिया, फर्जी वेबसाइट, डिजिटल वॉलेट, ऑनलाइन निवेश और क्लाउड प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे मामलों में डिजिटल साक्ष्य जुटाना और उनकी जांच करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी और हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में इन उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई। सरकार का मकसद साइबर अपराधों की जांच को अधिक तेज, प्रभावी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है।

कौन-कौन से उपकरण खरीदे जाएंगे?

स्वीकृत उपकरणों में 24 फॉरेंसिक टूलकिट डिस्क फॉरेंसिक टूल, 24 मैग्नेट क्लाउड एवं डिस्क फॉरेंसिक टूल, 24 यूनिवर्सल फॉरेंसिक एक्सट्रैक्शन डिवाइस, 12 डीवीआर एग्जामिनेशन टूल, 6 पासवर्ड डिक्रिप्टर और 12 पोर्टेबल वर्कस्टेशन किट शामिल हैं। इनके साथ संबंधित वर्कस्टेशन और जरूरी इंस्टॉलेशन की व्यवस्था भी की जाएगी।

डिस्क फॉरेंसिक टूल की मदद से कंप्यूटर, लैपटॉप और हार्ड डिस्क में मौजूद डेटा की जांच की जा सकेगी। वहीं, अन्य उपकरणों के जरिए डिजिटल डिवाइस और स्टोरेज माध्यमों से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी।

हर दिन औसतन 388 साइबर शिकायतें

हरियाणा में साइबर अपराधों की चुनौती का अंदाजा शिकायतों के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। वर्ष 2025 में पुलिस को साइबर अपराध से जुड़ी 1,41,685 शिकायतें मिलीं। यह संख्या वर्ष 2024 के मुकाबले करीब 8.5 प्रतिशत अधिक थी। इस हिसाब से प्रदेश में प्रतिदिन औसतन लगभग 388 साइबर शिकायतें दर्ज हुईं।

हालांकि, दर्ज मामलों के आंकड़ों में कमी भी देखने को मिली है। सरकार की ओर से हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में साझा जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में साइबर अपराध के 6,054 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 5,000 रह गई। यानी दर्ज मामलों में करीब 17 प्रतिशत की कमी आई।

इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में भी तेजी आई। साइबर अपराधों में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या 5,156 से बढ़कर 8,093 हो गई। वहीं, साइबर धोखाधड़ी में गई रकम को रोकने या सुरक्षित करने की दर 27 प्रतिशत से बढ़कर 40 प्रतिशत तक पहुंच गई।

साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर होगी कार्रवाई: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए हरियाणा पुलिस को आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा। इससे अपराधियों की पहचान करने और उनके खिलाफ जांच को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल और अन्य डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।

इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल जांच का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के अलावा युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।