हरियाणा में ठंड बढ़ने के साथ डेंगू का डंक भी तेज, अब तक 958 मरीज मिले; बालसमंद में 8.6 डिग्री पहुंचा पारा
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, आने वाले दिनों में कमजोर पश्चिमी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी जारी रह सकती है। मैदानी राज्यों में 22 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। वातावरण में नमी और हवाओं की गति कम रहने के कारण सुबह के समय धुंध और कोहरा छा सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
पंचकूला में डेंगू के सबसे ज्यादा 111 मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे ज्यादा 111 मामले पंचकूला में दर्ज किए गए हैं। इसके बाद सोनीपत और करनाल में 86-86, फरीदाबाद में 78, गुरुग्राम में 75 और झज्जर में 70 मरीज मिले हैं।
राहत की बात यह है कि इस साल अब तक प्रदेश में डेंगू से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। हालांकि, मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी है। प्रदेशभर में जांच के दौरान करीब 1.41 लाख घरों में लारवा पाया गया है। लापरवाही बरतने वाले लोगों को विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किए गए हैं।

