गरीबों को बड़ी राहत: CM साय ने ‘सार्थक PDS फेज-2’ फैसले का किया स्वागत, खाद्य सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ‘सार्थक-पीडीएस फेज-2’ योजना के लिए 25,530 करोड़ रुपये की मंजूरी दिए जाने का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को गरीब कल्याण, खाद्य सुरक्षा और सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है।
खाद्य सुरक्षा और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह निर्णय सार्वजनिक वितरण प्रणाली को तकनीक आधारित, अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम सुनिश्चित करेगा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
डिजिटल तकनीक से मजबूत होगी वितरण प्रणाली
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सार्थक-पीडीएस फेज-2’ के तहत एआई आधारित लाभार्थी रजिस्ट्री, जीपीएस ट्रैकिंग, क्यूआर कोड टैगिंग, रियल टाइम मॉनिटरिंग और आधुनिक सप्लाई चेन मैनेजमेंट जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इससे राशन वितरण प्रणाली अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनेगी।
गरीबों तक समय पर पहुंचेगा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस व्यवस्था से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सस्ते अनाज और खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिलेगा। उन्होंने इसे ‘डबल इंजन सरकार’ की प्रतिबद्धता का हिस्सा बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है।
सुशासन की दिशा में मजबूत पहल
उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल वितरण व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी, बल्कि भ्रष्टाचार और लीकज को भी काफी हद तक रोकने में मदद करेगी। इससे पूरे सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही और मजबूत होगी।
