Featured Newsदिलचस्प

42 दांतों वाली मुस्कान ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड! इस शख्स के मुंह में सामान्य से 10 ज्यादा दांत, गिनीज में दर्ज हुआ नाम

 

कुआलालंपुर: आमतौर पर इंसान के मुंह में 32 स्थायी दांत होते हैं, लेकिन मलेशिया के एक शख्स ने इस सामान्य धारणा को पीछे छोड़ते हुए अनोखा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उनके मुंह में कुल 42 दांत हैं, यानी सामान्य संख्या से 10 अधिक। इसी खास वजह से उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनकी चार तस्वीरें भी पोस्ट की गई हैं। उनकी अनोखी मुस्कान और असामान्य दंत संरचना ने दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

2023 में डॉक्टरों ने किया रिकॉर्ड का सत्यापन

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट के अनुसार, वर्ष 2023 में दो दंत चिकित्सकों ने विस्तृत जांच के बाद इस रिकॉर्ड का सत्यापन किया। खास बात यह है कि उस समय भी उनके दो और दांत निकलने बाकी बताए गए थे।

रिकॉर्ड बनाने वाले 33 वर्षीय प्रताब मुनियंडी मलेशिया के रहने वाले हैं और ऑयल एवं गैस उद्योग में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं।

परिवार के साथ चर्चा के दौरान हुआ था खुलासा

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2021 में पारिवारिक बातचीत के दौरान प्रताब मुनियंडी को महसूस हुआ कि उनके नए दांत निकल रहे हैं। जब उन्होंने दांतों की गिनती की तो उनके मुंह में 38 दांत थे। इसके बाद उन्होंने एक्स-रे कराया, जिसमें पता चला कि चार और दांत निकलने वाले हैं। वर्ष 2023 की शुरुआत तक उनके कुल 42 दांत हो चुके थे।

ज्यादा दांत होने से नहीं हुई कोई परेशानी

प्रताब मुनियंडी का कहना है कि जब लोग यह सुनते हैं कि उनके मुंह में 42 दांत हैं, तो वे हैरान रह जाते हैं। हालांकि, अतिरिक्त दांत होने के बावजूद उन्हें किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उनका कहना है कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होना उनके लिए बेहद खास अनुभव है।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने क्या कहा?

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मलेशिया के प्रताब मुनियंडी के मुंह में 42 दांत हैं, जो सामान्य संख्या से 10 अधिक हैं। इसी उपलब्धि के साथ उन्होंने किसी पुरुष के मुंह में सबसे अधिक दांत होने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है।