पाकिस्तान जाएंगे भगवंत मान? करतारपुर साहिब में मत्था टेकने के लिए विदेश मंत्रालय से मांगी अनुमति
पाकिस्तान जाने की मुख्यमंत्री की इच्छा पिछले कुछ समय से चर्चा में है। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की विदेश यात्राओं को लेकर एक निर्धारित नीति है और उसी के तहत अनुमति दी जाती है। मंत्रालय ने इस संदर्भ में ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत के रुख का भी उल्लेख किया था।
लाहौर के सांस्कृतिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि बनने का मिला है न्योता
भगवंत मान की पाकिस्तान यात्रा का मुद्दा पिछले महीने पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान भी उठा था। उस समय मुख्यमंत्री ने बताया था कि उन्हें लाहौर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण मिला है। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताने के साथ ही करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग भी की थी।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से बंद है करतारपुर कॉरिडोर
भारत से सिख श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब तक पहुंचाने के लिए शुरू किया गया कॉरिडोर फिलहाल बंद है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के चलते करतारपुर कॉरिडोर पर आवाजाही रोक दी गई थी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार इस गलियारे को फिर से खोलने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व से पहले कॉरिडोर बहाल करने की अपील भी की थी।
मान ने यह भी कहा था कि यदि आने वाले दिनों में करतारपुर कॉरिडोर नहीं खुलता है, तो केंद्र सरकार उन्हें अटारी-वाघा सीमा के रास्ते गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब जाने की अनुमति दे सकती है। इससे पहले मुख्यमंत्री की पेरिस यात्रा को लेकर भी विवाद सामने आया था।

