हरियाणा ओपन स्कूल परीक्षा के फॉर्म 20 नवंबर से भरें जाएंगे, 30 नवंबर तक मौका; जानें कितनी देनी होगी फीस
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षार्थी 20 नवंबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बिना किसी विलंब शुल्क के फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 30 नवंबर तय की गई है।
बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि सेकेंडरी मुक्त विद्यालय की अतिरिक्त विषय, री-अपीयर और आंशिक एवं पूर्ण विषय अंक सुधार परीक्षा के लिए 1450 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
वहीं, सीनियर सेकेंडरी मुक्त विद्यालय की इन्हीं श्रेणियों की परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को आवेदन के लिए 1500 रुपये शुल्क देना होगा। बोर्ड ने परीक्षार्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी है।

