Featured Newsसामान्य ज्ञान

WhatsApp पर DOB भरना होगा जरूरी? Age Verification को लेकर वायरल स्क्रीनशॉट से मची हलचल, जानिए क्या है पूरा सच

नई दिल्ली: सोशल मीडिया और इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर दुनिया भर में बहस तेज है। इसी बीच भारत में WhatsApp से जुड़ा एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि ऐप जल्द ही यूजर्स से उनकी जन्मतिथि यानी Date of Birth मांग सकता है। इस दावे के बाद लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं कि क्या भारत में सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के लिए नए नियम लागू होने वाले हैं या फिर यह केवल एक अफवाह है।

वायरल स्क्रीनशॉट में क्या किया गया दावा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए एक स्क्रीनशॉट में WhatsApp के भीतर जन्मतिथि जोड़ने का पॉप-अप दिखाई दे रहा है। स्क्रीनशॉट के अनुसार, इसमें कहा गया है कि भारत सरकार के संभावित नियमों के चलते यूजर्स से Date of Birth मांगी जा रही है। स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

क्या वाकई लागू होने वाले हैं नए नियम?

फिलहाल इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो WhatsApp की ओर से और न ही भारत सरकार की तरफ से Age Verification या जन्मतिथि अनिवार्य करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। ऐसे में जब तक कोई औपचारिक सूचना जारी नहीं होती, इसे अंतिम नियम नहीं माना जा सकता।

WhatsApp क्यों मांग सकता है जन्मतिथि?

WhatsApp के आधिकारिक सपोर्ट पेज के अनुसार, अलग-अलग देशों के कानूनों का पालन करने के लिए कुछ मामलों में उम्र की जानकारी ली जाती है। सही उम्र दर्ज होने से यूजर्स को सुरक्षित अनुभव देने, Meta AI और Status या Channels में उम्र के अनुसार विज्ञापन दिखाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमों का पालन सुनिश्चित करने और प्राइवेसी सेटिंग्स को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

कंपनी का यह भी कहना है कि यूजर की जन्मतिथि या उम्र किसी अन्य व्यक्ति को दिखाई नहीं देती। निर्धारित आयु पूरी होने के बाद अकाउंट सामान्य रूप से काम करता है।

क्या भारत में भी बदल सकते हैं सोशल मीडिया नियम?

दुनिया के कई देश बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए नए नियम लागू कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध संबंधी कानून लाया गया है, हालांकि वहां WhatsApp को इस नियम से छूट दी गई है।

यदि भविष्य में भारत सरकार भी इसी तरह का कोई नियम लागू करती है, तो WhatsApp के साथ Telegram, Signal, Instagram और Snapchat जैसे अन्य प्लेटफॉर्म पर भी Age Verification की व्यवस्था लागू की जा सकती है।

फिलहाल क्या करें यूजर्स?

फिलहाल भारतीय यूजर्स को घबराने की जरूरत नहीं है। Age Verification को लेकर कोई आधिकारिक नियम लागू नहीं हुआ है। जब तक सरकार या कंपनी की ओर से औपचारिक घोषणा नहीं होती, तब तक वायरल स्क्रीनशॉट को संभावित परीक्षण या अपुष्ट दावे के रूप में ही देखा जाना चाहिए।