Punjab में फिर होगा Blackout, सायरन बजते ही बंद करनी होंगी लाइटें; जानें कब और क्यों होगी मॉक ड्रिल
चंडीगढ़/जालंधर: पंजाब सरकार भारत सरकार के गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत राज्य के सभी जिलों में 27 नवंबर को रात 8 बजे सिविल डिफेंस एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज कराएगी। इस अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखना और उन्हें और मजबूत करना है।
दो मिनट तक बजेगा हाई-लो पिच वाला सायरन
मॉक ड्रिल की शुरुआत एयर रेड वार्निंग सिग्नल से होगी। इस दौरान दो मिनट तक हाई-लो पिच वाला सायरन बजाया जाएगा। सायरन सुनते ही निर्धारित क्षेत्रों में ब्लैकआउट प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
निर्धारित इलाकों में बंद करनी होंगी गैर-जरूरी लाइटें
ब्लैकआउट की प्रक्रिया संबंधित डिप्टी कमिश्नर-कम-कंट्रोलर, सिविल डिफेंस की निगरानी में निर्धारित क्षेत्रों में कराई जाएगी। इस दौरान आम लोगों से अपील की जाएगी कि वे तय इलाकों में सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखें। हालांकि, जरूरी सेवाओं को इस दौरान जारी रखा जाएगा।

ड्रिल खत्म होने पर सायरन से मिलेगा ‘ऑल क्लियर’ संकेत
मॉक एक्सरसाइज पूरी होने के बाद दो मिनट तक तेज आवाज वाला सायरन बजाया जाएगा। यह ‘ऑल क्लियर’ का संकेत होगा, जिसके बाद ब्लैकआउट मॉक ड्रिल समाप्त मानी जाएगी।


