Featured Newsउत्तर प्रदेश

अलादादापुर में जल जीवन मिशन के निर्माण पर उठे सवाल, तैयार होते ही झुकने लगी बाउंड्री वॉल; जांच की मांग

baijnath
बैजनाथ जायसवाल

बाराबंकी: त्रिवेदीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत अलादादापुर में जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही पानी की टंकी और उसकी बाउंड्री वॉल की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शुभम गुप्ता ने जनसुनवाई पोर्टल पर जिलाधिकारी और जल निगम के अधिकारियों से शिकायत कर निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि काम में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिसके चलते बाउंड्री वॉल पूरी होने के साथ ही कमजोर होकर झुकने और दरकने लगी है।

शिकायत के मुताबिक, गांव में हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए ओवरहेड टैंक, परिसर की चारदीवारी और पाइपलाइन का निर्माण कराया गया है। आरोप है कि कार्यदायी संस्था और ठेकेदार ने निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए कम गुणवत्ता वाली ईंट, सीमेंट और मोरंग का इस्तेमाल किया। शुभम गुप्ता ने अपनी शिकायत के समर्थन में क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल और निर्माण स्थल की तस्वीरें भी संलग्न की हैं।

टंकी की मजबूती को लेकर भी जताई चिंता

शिकायतकर्ता का कहना है कि बाउंड्री वॉल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्य पानी की टंकी की गुणवत्ता और मजबूती की भी जांच जरूरी है। उन्होंने आशंका जताई है कि निर्माण में लापरवाही बरती गई तो भविष्य में रिसाव या किसी बड़े हादसे का खतरा पैदा हो सकता है। इसी आधार पर उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गठित कर पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार कार्यदायी संस्था व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

शुभम गुप्ता ने 17 नवंबर 2026 को जनसुनवाई पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। यह मामला नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग से संबंधित है। शिकायत में जिलाधिकारी और उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता से ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके का निरीक्षण कराने और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

अखबार में प्रकाशित खबर के अनुसार, मामले को लेकर सहायक अभियंता पीयूष शुक्ला से फोन पर बात की गई थी। उन्होंने बताया था कि फिलहाल वह बाहर हैं और लौटने के बाद मौके का निरीक्षण करेंगे। उनके मुताबिक, स्थिति देखने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। अब ग्रामीणों को संबंधित अधिकारियों के निरीक्षण और जांच के नतीजे का इंतजार है।