CM धामी के कार्यक्रम में बवाल पर कार्रवाई, 4 कांग्रेस नेता गिरफ्तार; विधायक हरीश धामी पर भी FIR
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर चारों नेताओं की गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों में राम सिंह रोकाया निवासी सूबा, धारचूला हाल हाटदेवल, सौरभ मर्तोलिया निवासी सिरदांग हाल ग्वालगांव, नृप सिंह निवासी सिनेमा लाइन धारचूला और विक्रम दानू निवासी पथरकोट गैला, मुनस्यारी शामिल हैं।
गवाहों को प्रभावित करने की आशंका, पुलिस ने बताई गिरफ्तारी की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी इसलिए जरूरी थी, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को रोका जा सके। साथ ही वादी और गवाहों को डराने-धमकाने या प्रभावित करने की संभावना खत्म करने और आरोपियों की न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के उद्घाटन के बाद विवाद और हंगामा हुआ था। इसके अगले दिन पुलिस ने कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
माइक बंद होने से नाराज हुए थे विधायक, मंच पर तोड़फोड़ का आरोप
विवाद की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हुई थी। आरोप है कि कार्यक्रम में स्थानीय विधायक हरीश धामी को संबोधन का मौका नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद विधायक ने मंच पर हंगामा किया। इस दौरान माइक तोड़ने और कुर्सियां फेंकने का आरोप लगा।
विधायक का कहना था कि जब वह अपनी बात रख रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया। इस घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
CM धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, विधायक ने दी चुनौती
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपना जनाधार खो चुकी है और उसके नेता मानसिक संतुलन खो रहे हैं। वहीं, विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को डरपोक बताते हुए उन पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा नेताओं को अपने खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
कांग्रेस ने अपने विधायक का समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन पर लगाए आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रशासन के माध्यम से विपक्षी जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने विधायक के साथ हुए घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए।
दूसरी ओर, भाजपा ने विधायक हरीश धामी के बयानों और जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम के विरोध में प्रदर्शन किया। बुधवार को पिथौरागढ़ के सिल्थाम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और विधायक का पुतला जलाया।
लोहाघाट में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के विरोध में लोहाघाट में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश सिंह कुंवर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मीना बाजार चौराहे पर विधायक हरीश धामी का पुतला फूंका।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में इस तरह के व्यवहार को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताया। उनका कहना था कि विरोध दर्ज कराने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके लिए संवैधानिक मूल्यों और मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए।

